लखनऊ कोचिंग अग्निकांड पर शोक सभा
सुरक्षा मानकों की समीक्षा हो रखी मांग

जसवंतनगर,इटावा। लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में छात्रों की मौत से उपजे शोक के बीच नगर में स्टेंटोरियन फाउंडेशन की ओर से श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर दिवंगत छात्रों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस दौरान हादसे की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा प्रदेश के सभी शैक्षणिक संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग उठाई गई।
जैन मंदिर रोड स्थित लुधपुरा में संस्था कार्यालय पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नगर के गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
सभा को संबोधित करते हुए स्टेंटोरियन फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक कुमार आकाश ने कहा कि लखनऊ की घटना केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य कहे जाने वाले विद्यार्थियों का इस प्रकार असमय निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने सरकार से समयबद्ध और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदेश संयोजक पारस राजौरिया ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। जिन शिक्षण संस्थानों में अग्नि सुरक्षा और अन्य आवश्यक मानकों की अनदेखी की जा रही है, उनके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिर तभी सुरक्षित माने जाएंगे, जब वहां अध्ययन करने वाला प्रत्येक छात्र पूरी सुरक्षा के साथ अपने भविष्य का निर्माण कर सके।
श्रद्धांजलि सभा में डॉ. धर्मेंद्र कुमार, अशोक कुमार, शिव कुमार, अधिवक्ता केतन कुमार, लकी शाक्य, दीपक यादव समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रदेशभर के कोचिंग सेंटरों एवं शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा कराने की मांग की।



