विद्यालयों में कटका क्लब ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

सुल्तानपुर। जनपद के पंडित जुग्गीलाल महिला विद्यालय, राज मांटेसी इंटर कॉलेज और पीआर इंटर कॉलेज परिसर में कटका क्लब सामाजिक संस्था की ओर से पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मिशन जारी टीम के मनोज कुमार विश्वकर्मा ने किया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कटका क्लब सामाजिक संस्था के अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का आधार हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल करना भी जरूरी है। संस्था लगातार पौधरोपण और पर्यावरण जागरूकता अभियान चला रही है।
प्रधानाचार्य राम बाबू मिश्र और जितेंद्र सिंह ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयों में पौधरोपण से विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
प्रधानाचार्य परिषद के जिलाध्यक्ष राधाकृष्ण मिश्र और शिक्षिका आशा तिवारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल अभियान नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित करने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम में संजय दुबे, हर्षित श्रीवास्तव, राजेश गौतम, बृजेंद्र मिश्र, महेंद्र सिंह, धीरेन्द्र कुमार, अरविंद राय सहित शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



