शिव महापुराण कथा में रहा राजनीतिक दिग्गजों का जमावड़ा

ऊँचाहार, रायबरेली। सात दिवसीय शिव महापुराण कथा के छठवें दिन लाखों श्रद्धालुओं के जनसैलाब के बीच राजनीतिक दिग्गजों का जमावड़ा भी चर्चा में रहा। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, वन मंत्री अरुण सक्सेना, राज्यमंत्री रजनी तिवारी, राज्यमंत्री सुरेश राही, मंत्री दयाशंकर मिश्रा दयालु सहित कई दिग्गज शिवकथा का हिस्सा बने।

कथा ब्यास पं. प्रदीप मिश्रा के मुखरबिंद से शिव महिमा का अमृत प्रवाह श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करता रहा। उनकी कथा में भगवान शिव की भक्ति के साथ सेवा, संस्कार और सनातन मूल्यों का संदेश गूंजा। लाखों श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर कथा श्रवण करते रहे। उनकी ओजपूर्ण वाणी ने पूरे कथा परिसर को शिवमय कर दिया और श्रद्धालुओं में भक्ति का भाव और गहरा होता गया। उनके प्रत्येक संदेश पर श्रद्धालुओं का उत्साह और हर-हर महादेव का जयघोष वातावरण को गुंजायमान करता रहा।

जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कथा का श्रवण किया और भगवान शिव की आराधना से जुड़े आध्यात्मिक संदेश की सराहना की। उन्होंने कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय के आयोजन संबंधी प्रयासों की भी प्रशंसा की।

इसके बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के संबोधन ने धार्मिक आयोजन के बीच राजनीतिक चर्चा को भी नई धार दे दी। उन्होंने अयोध्या और काशी का उल्लेख करते हुए “अयोध्या-काशी हुई हमारी, अब कृष्ण जन्मभूमि की बारी” की बात कही। अपने संबोधन में उन्होंने कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय के साथ अपने आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए उनके द्वारा आयोजित श्री शिव महापुराण कथा की व्यापकता और व्यवस्थाओं की सराहना की।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कथा श्रवण कर पूज्य पं. प्रदीप मिश्रा जी का आशीर्वाद लिया और आयोजन की व्यापकता तथा श्रद्धालुओं की सहभागिता की सराहना की।

व्यासपीठ से पूज्य पं. प्रदीप मिश्रा जी ने शिवभक्ति को जीवन में उतारने के साथ सेवा, संस्कार और सद्भाव का संदेश दिया। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति और आयोजन की व्यवस्थाओं की भी उन्होंने सराहना की।

कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने भावुक होते हुए कहा कि ऊंचाहार उनके लिए केवल एक क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका अपना परिवार है। यहां की जनता ने उन्हें जो स्नेह और विश्वास दिया है, उसे वह जीवनभर नहीं भूल सकते। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उनका नहीं, बल्कि ऊंचाहार की जनता और लाखों शिवभक्तों की श्रद्धा का आयोजन है। श्रद्धालुओं की सेवा और सुविधा को अपनी सबसे बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस दौरान विधायक सुरेश कुमार, विधायक अरविंद कुमार सिंह, दरियाबाद विधायक राजमणि, प्रयागराज विधायक महेंद्र पाल सिंह, पिपराइच विधायक, एमएलसी प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक रामफेरन पांडेय, विधायक शशांक त्रिवेदी, विधायक महेश त्रिवेदी, विधायक अशोक कोरी, एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ला, एमएलसी पवन सिंह चौहान, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर, भाजपा क्षेत्रीय महामंत्री राजीव मिश्रा, पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, चेयरमैन नेहा अवस्थी, जिला पंचायत अध्यक्ष सीतापुर शिवकुमार गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष हरदोई अजीत सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सीतापुर राजेश शुक्ला सहित तमाम विशिष्ट जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button