सीडीओ ने ग्राम पंचायत में नवनिर्मित लाइब्रेरी का किया उद्घाटन

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर विकास खण्ड के ग्राम धरवार में पंचायत भवन पर शनिवार को नवनिर्मित लाइब्रेरी का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अजय कुमार गौतम ने फीता काटकर किया।

उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी से गांव के विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे और ग्रामीण भी पुस्तकों से ज्ञानवर्धन कर पाएंगे। उन्होंने तत्काल इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने और शुद्ध पेयजल के लिए आरओ लगाने के निर्देश दिए।

साथ ही ग्राम प्रधान रामव्रेश व पंचायत सचिव अवनीश कुमार को पुस्तक दान अभियान चलाकर किताबें जुटाने के लिए प्रेरित करने को कहा।उद्घाटन के बाद सीडीओ प्राथमिक विद्यालय पहुंचे, जहां उपस्थिति रजिस्टर की जांच में 152 पंजीकृत बच्चों में से 120 बच्चे मौजूद मिले। विद्यालय में छह अध्यापक व एक शिक्षामित्र कार्यरत पाए गए,जबकि प्रधानाध्यापक अवकाश पर थे। प्रभारी अध्यापक नदीम ने विद्यालय की स्थिति से अवगत कराया।

इसके बाद सीडीओ ने पंचायत सचिवालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत सहायक काजल यादव को बच्चों के फॉर्म भरने जैसी सेवाएं पंचायत भवन पर ही उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कहा कि इससे ग्रामीणों का समय बचेगा और पंचायत को आमदनी भी होगी। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने गांव में सड़क पर जलभराव की समस्या रखी।इस पर सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी उदयवीर दुबे को मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में एडीओ पंचायत देवेंद्र पाल सिंह,महेश राजपूत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button