खेत में लगाए करंट की चपेट में आकर भैंस की मौत

पशुपालक किसान का हुआ एक लाख रूपए का नुकसान

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के ग्राम कोकावली में खेत की फसल को आवारा पशुओं से बचाने के लिए कथित रूप से लगाए गए बिजली के करंट की चपेट में आने से एक लाख रुपये कीमत की भैंस की मौत हो गई। पीड़ित पशुपालक ने मामले की सूचना डायल 112 पर देने के साथ ही लखेरा कुआं चौकी एवं बलरई थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

जाखन गांव निवासी ब्रह्म सिंह पुत्र श्रीकृष्ण ने बताया कि सोमवार को वह रोजाना की तरह अपनी भैंसों को चराने के लिए बीहड़ क्षेत्र में खारजा झाल के किनारे ले गए थे। भीषण गर्मी के कारण भैंसें खारजा झाल में नहाने चली गईं। इसी दौरान वह पेड़ की छांव में विश्राम करने लगे। कुछ देर बाद आंख खुलने पर उनकी कई भैंसें वहां से गायब थीं। काफी तलाश के बाद केवल तीन भैंसें मिलीं, जबकि पांच अन्य भैंसों का कोई पता नहीं चला। अंधेरा होने के कारण वह घर लौट गए।

मंगलवार सुबह दोबारा तलाश करने पर कोकावली गांव के लोगों ने उन्हें बताया कि एक भैंस की मक्का की फसल की रखवाली के लिए लगाए गए करंट की चपेट में आने से मौत हो गई है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने मृत भैंस की पहचान अपनी भैंस के रूप में की।

ब्रह्म सिंह का आरोप है कि जिस खेत में करंट लगने से उनकी भैंस की मौत हुई थी, वहां से खेत मालिक ने ट्रैक्टर से भैंस को करीब 500 मीटर दूर दूसरी जगह खींचकर डाल दिया तथा घटना के निशान मिटाने के उद्देश्य से खेत में हल भी चला दिया। हालांकि,कुछ निशान अभी भी मौजूद हैं।

पीड़ित का आरोप है कि कोकावली गांव निवासी किशुन पाल सिंह ने फसल की सुरक्षा के लिए अपने खेत में अवैध रूप से बिजली का करंट लगा रखा था, जिसकी चपेट में आने से भैंस की मौत हुई।

थानाध्यक्ष कृपाल सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पशुपालन विभाग को पोस्टमार्टम कराने के लिए रिपोर्ट भेजी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

वहीँ विजली विभाग के जे ई संतोष सोनी मौके पर पहुँचे तो उन्होंनो बताया कि जब में मौके पर पहुँचा तो मुझे भैंस काफ़ी दूर पड़ी हुई मिली थी जिस खेत की घटना बताई गई है वहाँ पर भैंस मौजूद नहीं थी बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर विभाग कार्यवाही करेगा।

Related Articles

Back to top button