ट्यूबवेल पर सो रहे 35 वर्षीय युवक का खून से लथपथ मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

महराजगंज, रायबरेली। चंदापुर थाना क्षेत्र के ओया गांव में मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। गांव के बाहर एक ट्यूबवेल पर 35 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

धान पीटने पहुंचे मजदूरों ने जब कमरे के भीतर खून बिखरा देखा तो घबराकर परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्हें विनीत सिंह की निर्मम हत्या की तस्वीरें देखकर जैसे दुनिया ही सूनी हो गई।

सूचना पर पहुंची चंदापुर थाना प्रभारी अरविन्द सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि मृतक समरजीत सिंह उर्फ विनीत सिंह रात में ट्यूबवेल पर ही रहते थे और रोज की तरह सोमवार रात भी वहीं रुके थे।

सुबह करीब 6 बजे पहरेमऊ के मजदूर सुग्गू मजदूरों के साथ धान पीटने पहुंचे तो विनीत को सिर फटा हुआ, खून से सराबोर मृत अवस्था में पाया। मृतक के भाई अमरदीप सिंह उर्फ पिंकू ने तहरीर में बताया कि परसों शाम विनीत का देवरी गांव के रहने वाले शंकर यादव, प्रांजल यादव, गंगा प्रसाद, तथा शुभम निवासी पहरावा से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

अमरदीप ने नामजद करते हुए आरोप लगाया कि इन्हीं लोगों ने मिलकर विनीत की हत्या की है। घटना स्थल की दशा देखकर यह साफ था कि हमलावरों ने युवक पर सिर में वार कर बेरहमी से मौत के घाट उतारा है। एडिशनल एसपी संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं, प्रथम दृष्टया मामला हत्या का है। तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

—————————————-

दहेज के लिए महिला को किया घर से बाहर, पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज

महराजगंज, रायबरेली। सरकार की सख्ती के बाद भी समाज से दहेज रूपी दानव का अंत नहीं हो पा रहा है। इसी कड़ी में दहेज की मांग न पूरी न कर पाने के चलते एक महिला को उसके ससुराली जनों द्वारा प्रताड़ित कर घर से भगा देने का मामला प्रकाश में आया है। भुक्तभोगी महिला की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सास ससुर व पति सहित 6 के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना के आरोप में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बबुरिहा मजरे बावन बुजुर्ग बल्ला गांव निवासी अर्चना सिंह ने बताया कि टिकरवल मजरे जेतुवा टप्पा विझवन निवासी अमित सिंह पुत्र राम प्रताप सिंह के साथ उसका विवाह 27 नवंबर 2023 को हिन्दू रीति रिवाज से संपन्न हुई थी। जिसमें 8 लाख रुपए का सामान बतौर उपहार दिया गया था।

इतना देने के बाद भी ससुरलीजन खुश नहीं थे और शादी के बाद से ही बुलेट बाइक और 2 लाख रुपए व्यापार करने हेतु मांग करने लगे। जिसको लेकर लगातार उसे प्रताड़ित किया जाता रहा। ननद सरला सिंह एवं ननदोई विनय सिंह जो कि पीड़िता के गांव के बगल सुजातगंज के रहने वाले है इन्हीं लोगों ने लड़के के अवगुणों को छिपाकर जानबूझ कर शादी करवाई थी और अब संबंध विच्छेद कराने के लिए भी अहम भूमिका निभा रहे है।

जब पीड़िता के पिता द्वारा मांग नहीं पूरी की गई तो जुलाई 2025 को पीड़िता के पिता को बुलाकर गहने कपड़े आदि छीनकर गाली गलौज करते हुए जान से मार देने की धमकी दे उसे घर से भगा दिया। मामले में पुलिस ने अर्चना की तहरीर पर पति अमित सिंह, ससुर राम प्रताप सिंह, सास मिथिलेश सिंह, जेठ राहुल सिंह, ननद सरला सिंह व ननदोई विनय सिंह के विरुद्ध दहेज एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर के आधार 6 के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button