सुरक्षा रक्षकों की तिरंगा यात्रा में दिखी देशभक्ति

पुलिस जवानों ने निकाली तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति नारों से गूंजा शहर

भरथना,इटावा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भरथना पुलिस की ओर से कस्बे में तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लिए पुलिसकर्मी और तिरंगे से सजे पुलिस वाहन जब कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरे तो पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से कस्बे की गलियां गूंज उठीं।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ थाना भरथना परिसर से हुआ। पुलिसकर्मी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पैदल चले, वहीं पुलिस के वाहन भी यात्रा में शामिल रहे। वाहनों पर तिरंगा लगाया गया था। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी और तिरंगे से सजे वाहनों ने यात्रा को आकर्षक बना दिया।

यात्रा थाना भरथना से शुरू होकर कस्बे के मुख्य मार्गों से होती हुई आगे बढ़ी। रास्ते में पुलिस वाहनों का काफिला और हाथों में तिरंगा लिए जवान लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। इसके बाद तिरंगा यात्रा वापस थाना भरथना पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।

यात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रीय एकता,अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर आयोजित इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश के प्रति जिम्मेदारियों का संदेश भी दिया गया।

तिरंगा यात्रा में पुलिस क्षेत्राधिकारी आरडी मौर्य, थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह,अपराध निरीक्षक अरिमर्दन सिंह, उपनिरीक्षक इदु हसन, तन्मय चौधरी,नितिन कुमार,गीता देवी समेत थाना भरथना के तमाम पुलिस जवान मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के गौरव और बलिदान को याद करने का अवसर है। तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के जरिए आमजन में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने का प्रयास किया गया।

Related Articles

Back to top button