बीडीओ ने पुस्तकालय-खेल मैदान का किया निरीक्षण

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर खंड विकास अधिकारी डॉ.मनोज कुमार ने विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पीहरपुर स्थित पुस्तकालय और खेल मैदान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की शैक्षिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलकूद से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के समय बीडीओ ने पुस्तकालय में रखी पुस्तकों की संख्या, उनकी स्थिति और रखरखाव की जानकारी ली।

उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ने में रुचि के बारे में भी जाना। डॉ. कुमार ने कहा कि पुस्तकालय का नियमित एवं सुचारू संचालन बेहद जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि पुस्तकालय को बच्चों के लिए अधिक उपयोगी और आकर्षक बनाया जाए, ताकि उनमें अध्ययन की आदत विकसित हो सके और वे पढ़ाई के प्रति प्रेरित हों। इसके बाद बीडीओ ने खेल मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने खेल उपकरणों की उपलब्धता, मैदान की साफ-सफाई और बच्चों द्वारा की जा रही खेल गतिविधियों को देखा।

उन्होंने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेलकूद अत्यंत आवश्यक है, इसलिए खेल मैदान की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

बीडीओ डॉ. मनोज कुमार ने ग्राम प्रधान राय सिंह और ग्राम सचिव राहुल कुमार को निर्देशित किया कि शिक्षा एवं खेलकूद से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों और शिक्षकों से भी बच्चों की शैक्षिक प्रगति और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर एडीओ ग्राम विकास महेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button