कैला भट्टा में सपा का निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ

“स्वास्थ्य सेवा हर नागरिक का मौलिक अधिकार” : राजकुमार भाटी, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर बांटीं निःशुल्क दवाएं

गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के “जनसेवा ही संकल्प” अभियान के तहत कैला भट्टा स्थित पीएसी चौक पर विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। सपा प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में सैकड़ों लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

शिविर का उद्घाटन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने किया। इस अवसर पर सपा प्रदेश सचिव एवं कार्यक्रम संयोजक अलाउद्दीन अब्बासी, विधानसभा अध्यक्ष शाहनवाज खान सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उद्घाटन के दौरान राजकुमार भाटी ने कहा कि समाजवादी पार्टी आम जनता, गरीबों, निम्न वर्ग और शोषित समाज के स्वास्थ्य अधिकारों के प्रति संवेदनशील रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा हर नागरिक का अधिकार है। अभिषेक गर्ग की टीम द्वारा आयोजित यह शिविर “जनसेवा ही संकल्प” की भावना को धरातल पर उतारने का प्रयास है। ऐसे आयोजन जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सपा प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग ने कहा कि उनका उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड और नागरिक तक निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि महंगाई के दौर में निम्न और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए समय पर स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञों से परामर्श लेना कई बार मुश्किल हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनसेवा के इस अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा।

इन बीमारियों की हुई जांच

शिविर में ब्लड प्रेशर, ईसीजी, ब्लड शुगर, फेफड़ों की जांच (पीएफटी) और हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क की गईं। जनरल फिजिशियन, दंत चिकित्सक और स्त्री रोग विशेषज्ञों की टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जरूरत के अनुसार लोगों को निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।

शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। लोगों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए आयोजकों की सराहना की। कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button