आवारा सांड की टक्कर से चाची-भतीजे घायल
बाइक से पंखा सही कराकर लौट रहे थे चाची- भतीजा

जसवंतनगर,इटावा l बलरई थाना क्षेत्र के विकास नगर मोहल्ले में रविवार की देर शाम को सांड की टक्कर से बाइक सवार चाची-भतीजे घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मी ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया,जहां उनका इलाज जारी है।
बलरई के नगला ताल निवासी 30 वर्षीय गोल्डी पत्नी राजू अपने 18 वर्षीय भतीजे ऋषभ पुत्र महेश के साथ विकास नगर में बिजली मिस्त्री की दुकान पर पंखा सही कराने आई थीं। पंखा सही कराने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। सेंट्रल बैंक के पास सामने से आए सांड ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही गोल्डी बाइक के नीचे दब गईं, जबकि ऋषभ भी सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
हादसे की सूचना पर पहुंचे कांस्टेबल गजेंद्र प्रसाद ने दोनों घायलों को एंबुलेंस के ड्राइवर विजय वीर और ईएमटी अनूप कुमार की मदद से सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों की देखरेख में दोनों का उपचार चल रहा है।



