घंटाघर से दौलतपुरा तक एलिवेटेड रोड की स्वीकृति से शहरवासियों में खुशी : पार्षद नीरज गोयल

गाजियाबाद। घंटाघर से दौलतपुरा तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड को स्वीकृति मिलने पर शहरवासियों में खुशी का माहौल है। इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति पर वार्ड-88 के पार्षद नीरज गोयल ने क्षेत्र के नागरिकों की ओर से सांसद अतुल गर्ग एवं शहर विधायक संजय शर्मा का पटका पहनाकर और मिठाई खिलाकर हार्दिक अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया।

पार्षद नीरज गोयल ने कहा कि घंटाघर से दौलतपुरा तक बनने जा रही एलिवेटेड रोड गाजियाबाद के लिए एक ऐतिहासिक एवं दूरगामी महत्व की परियोजना साबित होगी। लगभग 200 से 250 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार एवं जीडीए द्वारा धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि एलिवेटेड रोड के निर्माण से पुराने शहर और आसपास के क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में जिन मार्गों पर जाम के कारण लगभग 20 मिनट का समय लगता है, एलिवेटेड रोड बनने के बाद वही दूरी लगभग 5 मिनट में पूरी की जा सकेगी। इससे लोगों के समय और ईंधन दोनों की बचत होगी तथा वाहनों से होने वाले प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।

पार्षद नीरज गोयल ने कहा कि यह परियोजना केवल यातायात सुविधा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इससे क्षेत्र की व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। घंटाघर, दौलतपुरा, सीताराम बाजार एवं आसपास के प्रमुख बाजारों में आने-जाने वाले ग्राहकों, व्यापारियों और मालवाहक वाहनों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से स्थानीय व्यापार को लाभ होगा। साथ ही पुराने एवं व्यस्त क्षेत्रों पर यातायात का दबाव भी कम होगा।

उन्होंने कहा कि गाजियाबाद तेजी से विकसित हो रहा है। बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या को देखते हुए आधुनिक यातायात व्यवस्था समय की आवश्यकता है। यह एलिवेटेड रोड भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Related Articles

Back to top button