दुर्गा पूजा महोत्सव की आकर्षक झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया

महराजगंज, रायबरेली। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर कस्बा स्थित मां जसवंतरी देवी मंदिर परिसर में दुर्गा पूजा महोत्स व परंपरागत आयोजन किया जा रहा है जिसमें पहला कार्यक्रम शनिवार को राजेश शर्मा जागरण ग्रुप लखनऊ द्वारा भक्तिमय गीतों के साथ श्रीगणेश, सीताराम जानकी व हनुमान जी महराज की झांकियों ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया।
जागरण की शुरुआत मां के भजन मां मेरी लाज रखना से हुई। वहीं कार्यक्रम के आयोजक चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू द्वारा जागरण में पधारे मुख्य अतिथि पूर्व विधायक रामलाल अकेला, उपजिलाधिकारी गौतम सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख सत्येन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य लोगों को अंग वस्त्र व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। श्री साहू ने कहा कि शारदीय नवरात्रि पर वर्षों से वह कार्यक्रमों का आयोजन कराते है और इस परंपरा को आजीवन निभाएंगे। उन्होंने कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों, कलाकारों एवं भक्तों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी राम आशीष वर्मा , बछरावा चेयरमैन शिवेंद्र उर्फ रामजी, वरिष्ठ अधिवक्ता विद्यासागर अवस्थी, प्रदीप श्रीवास्तव, कृष्ण कुमार कसेरा, अमित श्रीवास्तव, पंकज गुप्ता, यजुवेंद्र मिश्रा सहित सभी सभासद व भक्तगण उपस्थित रहे।
———————————-
दिहाड़ी मजदूर ने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर दर्ज कराया मुकदमा
महराजगंज, रायबरेली। चंदापुर थाना क्षेत्र में दिहाड़ी मजदूर को घर में घुसकर पीटने व मजदूर के घर का सामान, बाइक व ई रिक्शा तोड़ने का मामला सामने आया है। मामले में मजदूर ने गांव के ही एक नामजद आरोपी व उसके चार अज्ञात साथियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
चंदापुर थाना क्षेत्र के पूरे लोनार मजरे बघैल गांव निवासी श्रवण पुत्र राधेश्याम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीते शुक्रवार को भुक्तभोगी अतरेहटा से मजदूरी करके शाम करीब 5 बजे वापस घर लौट रहा था।
पहरेमऊ चौराहे पर गांव के पारस सिंह पुत्र राम केवल अपने 4 साथियों के साथ गाली गलौज करने लगे, भुक्तभोगी किसी तरह घर पहुंचा, आरोपी पीछे से उसके घर पहुंचकर गाली गलौज करने लगे मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आई, आरोपियों ने घर के पंखे, फ्रिज व चारपाई तोड़ दी, तथा उसकी बाइक व ई रिक्शा भी तोड़ दिया। जाते-जाते आरोपियों ने उसे व उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में चंदापुर थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर एक नामजद सहित पांच के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी गई है।



