पंचायत निर्वाचन कार्य के दौरान सहायक अध्यापक पर हमला, बंधक बनाकर लूटा, FIR की मांग

डीह, रायबरेली। जिले के डीह क्षेत्र में पंचायत निर्वाचन के सरकारी कार्य के दौरान एक सहायक अध्यापक पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित धीरेंद्र सिंह ने थाना डीह प्रभारी को तहरीर देकर बताया कि अपराह्न करीब दो बजे वे अपनी निजी कार (नंबर UP33 BH 7867) से ब्लॉक सभागार डीह से खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पूरे गोसाईं डीह जा रहे थे। रास्ते में तहसीलदार सलोन की गाड़ी को साइड देकर गति कम करने पर चार बदमाशों ने अचानक दौड़ लगाई और कार के दाहिने शीशे पर डंडे से वार किया।

तहरीर के अनुसार, हमलावरों में कृपा , लाला,धर्मचंद और एक अज्ञात महिला शामिल थे, जो डीह के रामलीला क्षेत्र के निवासी बताए गए। शीशा टूटने से हड़बड़ाए धीरेंद्र सिंह की कार दाहिने खड़ी बस से टकराई, जबकि बायां हिस्सा आगे की बस से जा धड़का। हमलावरों ने उन्हें घेर लिया, मोबाइल फोन छीन लिया, सरकारी अभिलेखों में से कुछ कागजात लूट लिए। जब पीड़ित ने बताया कि वे निर्वाचन कार्य में हैं, तो बदमाशों ने गाली-गलौज की, सिर व ऊपरी शरीर पर डंडों से वार किए और जान से मारने की धमकी दी।

बदमाशों ने 20 हजार रुपये तुरंत मोबाइल पर ट्रांसफर करने की मांग की, वरना बंधक बनाकर रखने की चेतावनी दी। करीब एक घंटे तक धीरेंद्र सिंह को बंधक बनाए रखा गया, जिससे उनके निर्वाचन कार्य में बाधा पहुंची। पुलिस के आने की भनक लगते ही हमलावर मोबाइल फेंककर भाग निकले।

पीड़ित ने थाना प्रभारी से निर्वाचन कार्य में बाधा, बंधक बनाने, जानलेवा हमला, वाहन क्षतिग्रस्त करने, मोबाइल छीनने व लूट के लिए सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर ली है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई की पुष्टि नहीं हो सकी।

Related Articles

Back to top button