हर्षोल्लास के साथ मनाया गया राजकीय हाई स्कूल जनई का वार्षिकोत्सव

महराजगंज, रायबरेली। क्षेत्र के राजकीय हाई स्कूल जनई का वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह बड़े ही हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विवेक कुमार सिंह प्रबंधक, यूपी बड़ौदा ग्रामीण बैंक ग्राम जनई रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के अन्य विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत रूप से मां सरस्वती के वंदन एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई, जिसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को प्रभावित किया। नृत्य, गीत एवं काव्य-पाठ ने विद्यालय की रचनात्मक ऊर्जा और अनुशासन का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि विवेक कुमार द्वारा वर्षभर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
अकादमिक परीक्षाओं में श्रेष्ठ स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज रंजन ने कहा कि शिक्षा और सदाचार जीवन की दीर्घकालिक उन्नति का आधार हैं और विद्यार्थियों को निरंतरता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा दी। मौके पर समाजसेवी धनंजय सिंह, विद्यालय के शिक्षक अनुज कुमार मिश्रा, आलोक कुमार सोनकर, प्रदीप कुमार पाण्डेय, प्रदीप कुमार यादव, परिचायिका संजू सिंह सहित दर्जनों अभिभावक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।



