राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर खिलाई गई एल्बेंडाजोल की दवा

महराजगंज, रायबरेली। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को क्षेत्र के सभी सरकारी, निजी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को पेट के कीड़े (कृमि) से बचाव के लिए एल्बेंडाजोल की निःशुल्क गोली खिलाई गई।10 अगस्त को दवा से वंचित बच्चों को 14 अगस्त के मॉप-अप दिवस पर कृमिनाशक दवा दी जाएगी।
सीएचसी अधीक्षक डॉ गणनायक पांडे ने अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि क्षेत्र के सरकारी व निजी विद्यालयों सहित आंगनबाड़ी केंद्र के करीब 65 हजार बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और शारीरिक विकास के लिए उन्हें कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है।उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बच्चों को कृमिनाशक दवा अवश्य खिलाएं।
साथ ही बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने, स्वच्छ पानी पीने, साफ-सफाई रखने और खुले में शौच से बचने के लिए जागरूक किया। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत जिले में निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जा रही है।अभियान का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाना है।



