न्यायालय परिसर में चला स्वच्छता अभियान

जिला के न्यायिक अधिकारियों ने किया नेतृत्व

इटावा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,इटावा के तत्वावधान में शुक्रवार को जनपद न्यायालय एवं कचहरी परिसर में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रजत सिंह जैन के दिशा-निर्देशन में नगर पालिका परिषद इटावा के सहयोग से संपन्न हुआ।

अभियान के दौरान माननीय जिला जज जैन,मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अश्वनी कुमार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आरती द्विवेदी सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने न्यायालय परिसर में झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है,बल्कि न्यायिक कार्यों की गरिमा को भी बनाए रखता है।

माननीय जिला जज के निर्देशानुसार सचिव आरती द्विवेदी द्वारा जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी एडवोकेट एवं सिविल बार एसोसिएशन के महामंत्री अरुण कुमार गुप्ता एडवोकेट के साथ पूरे कचहरी परिसर का निरीक्षण किया गया।

इस दौरान अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों से परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील की गई। निरीक्षण के समय जहां-जहां गंदगी पाई गई, वहां तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद इटावा संतोष कुमार मिश्र को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। अभियान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button