Elon Musk को भारी पड़ी ‘मस्ती’, भारत सरकार की एक चेतावनी और घुटनों पर आया ‘X’
AI misuse: सोशल मीडिया ने आज प्रत्येक व्यक्ति की जिंदगी पर गहरा प्रभाव डाल रखा है। व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, फेसबुक और ‘एक्स’ जैसे प्लेटफार्म का उपयोग करोड़ों यूजर्स कर रहे हैं। इन प्लेटफार्म पर हर पल यूजर्स की सक्रियता रहती है। कोई तस्वीर, कोई वीडियो तो कोई निजी अनुभव शेयर कर दूसरों तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश करता है। इस बीच सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने का चलन भी तेजी से बढ़ा है।
अश्लील फोटो व वीडियो के कारण अक्सर कोई न कोई विवाद उत्पन्न होता रहता है। भारतीय समाज कभी अश्लीलता को बढ़ावा देने के पक्ष में नहीं रहा है। ऐसे में कोई मामला सामने आने पर सरकार को कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ता है। कुछ दिन पहले एआई टूल ग्रोक से तैयार अश्लील तस्वीरों पर अचानक विवाद उभरा था। जिस पर सरकार को एक्शन मोड में आना पड़ा। यह जरूरी भी था।
पश्चिम की संस्कृति को मिला भारत में बढ़ावा
भारत में बेशक पश्चिम की संस्कृति को बढ़ावा मिला है, मगर समाज में इतना खुलापन नहीं आया है, जैसा विदेशों में देखने को मिलता है। आई टूल ग्रोक से तैयार आपत्तिजनक तस्वीरों को ‘एक्स’ पर पोस्ट किए जाने पर भारत सरकार की सख्त चेतावनी के बाद ‘एक्स’ ने जिस प्रकार रक्षात्मक रवैया अपनाया, वह एक और उदाहरण है कि सख्ती अपना कर सोशल मीडिया प्लेटफार्म की मनमानी पर रोक लगाना संभव है।
दरअसल ‘एक्स’ पर कुछ समय से महिलाओं की अश्लील तस्वीरें पोस्ट की जा रही थींद। हद तो तब हो गई, जब एक यूजर ने एआई की सहायता से अरबपति कारोबारी मस्क की अश्लील तस्वीर बनाकर उसे पोस्ट कर दिया। उस पोस्ट पर गंभीरता बरतने की बजाय मस्क मजे लेते नजर आए थे। उन्होंने ग्रोक का बचाव कर कहा था कि कलम यह तय नहीं करती कि क्या लिखा जाए। यह कलम पकड़ने वाला शख्स तय करता है। उनका मंतव्य यह था कि आपत्तिजनक कंटेंट की जिम्मेदारी टूल की नहीं बल्कि उसका प्रयोग करने वाले व्यक्ति की होती है।
मस्क के इस रवैये ने नागरिकों को गुस्से से भर दिया। पूरे प्रकरण में राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर कहा था कि कुछ व्यक्ति एआई की मदद से महिला की असली तस्वीरों को आपत्तिजनक कंटेंट में बदल रहे हैं, जो बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने अविलंब इस पर कार्रवाई करने की मांग की।
सरकार ने भेजा नोटिस
इस पर सरकार की ओर से एक्स को नोटिस भेजकर जवाब देने के लिए कहा गया कि कंपनी ने इस मामले में क्या कार्रवाई की है। मंत्रालय ने इस पर भी चिंता जताई कि ग्रोक का दुरुपयोग महिलाओं के अश्लील और अभद्र कंटेंट बनाने के लिए किया जा रहा है, तथा एक्स इस संदर्भ में आईटी एक्ट और आईटी रूल्स के तहत अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम रहा है। सरकार के कड़े रवैये पर मस्क को मामले की गंभीरता का अहसास हो गया।
ऑपरेशन सिंदूर से सेना ने क्या सीखा, जनरल द्विवेदी ने बयां की पूरी कहानी
सरकार की चेतावनी दरकिनार
सरकार की चेतावनी के बाद एक्स ने ग्रोक से अश्लील कंटेंट तत्काल हटाने की बात करने के अलावा यह भी कहा कि यदि कोई यूजर ग्रोक का प्रयोग कर आपत्तिजनक कंटेंट बनाता है, तो उसके खिलाफ भी वही कार्रवाई होगी, जो सीधे गैरकानूनी कंटेंट अपलोड करने पर होती है। यानी यूजर के अकाउंट को प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। एआई टूल ग्रोक पहले भी विवादों में रहा है। पिछले साल उसने कुछ नेताओं और मंत्रियों के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था।



