दूषित पानी की शिकायत पर अपर जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

महराजगंज, रायबरेली। कस्बे के पैग़म्बर नगर में दूषित पानी की शिकायत सामने आते ही प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया। जनस्वास्थ्य से जुड़े इस गंभीर मामले को लेकर अपर जिलाधिकारी सिद्धार्थ ने उपजिलाधिकारी गौतम सिंह के साथ मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू की भी मौजूदगी रही। निरीक्षण के समय अधिशासी अधिकारी राम आशीष वर्मा ने जलापूर्ति पाइपलाइन में हुए लीकेज को अधिकारियों को दिखाया।

इस पर एडीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल लीकेज स्थल पर बैरिकेटिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। जलापूर्ति व्यवस्था की जानकारी लेने पर बताया गया कि पाली स्थित टंकी से वार्ड नंबर 2, 3, 8 और 9 में पानी की आपूर्ति की जाती है, जिसमें वार्ड नंबर 8 पैग़म्बर नगर में दूषित पानी की समस्या पाई गई।

एडीएम सिद्धार्थ ने मौके पर ही स्पष्ट आदेश दिए कि पैग़म्बर नगर में मिले लीकेज को तत्काल दुरुस्त कराया जाए और आसपास की सभी लाइनों की गहन जांच कर शुद्ध जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही जलकल विभाग की कर्मचारी प्रियंका यादव को पानी का सैंपल लेकर जांच कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज के अधीक्षक डॉ. जी.एन. पाण्डेय से दूषित पानी से फैलने वाली बीमारियों की जानकारी ली गई।

अधीक्षक ने बताया कि फिलहाल किसी भी प्रकार की बीमारी का मामला सामने नहीं आया है, स्वास्थ्य विभाग द्वारा डोर-टू-डोर सर्वे कर लोगों की स्वास्थ्य स्थिति की जांच की जा चुकी है।

एडीएम ने दो टूक कहा कि दूषित पानी की आपूर्ति किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन को स्वच्छ व सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं अधिशासी अधिकारी राम आशीष वर्मा ने बताया कि लीकेज दुरुस्त होने के बाद जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ लगातार निगरानी और स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस लेते हुए कहा कि पहले की तुलना में अब पानी काफी साफ आने लगा है।

निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार उमेश त्रिपाठी, स्वास्थ्य विभाग की टीम, लेखपाल संतोष पटेल सहित नगर पंचायत के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button