खेत पर जा रहे युवक को घेरकर पीटा
गाली-गलौज का विरोध करने पर लाठी-डंडों से मारपीट

जसवंतनगर,इटावा। क्षेत्र के ग्राम नगला लायक में शौच के लिए खेतों की ओर जा रहे युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित के भाई अशोक कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर चार लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
तहरीर के अनुसार,नौ सितंबर की रात करीब 8:30 बजे उनका भाई शौच के लिए खेतों की ओर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से मौजूद सुवीर सिंह, शिवकांत सिंह,सुमित कुमार और चोबेपुर निवासी गोलू ने उसे घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों से उसके साथ मारपीट कर दी,जिससे वह घायल हो गया।
अशोक कुमार के मुताबिक,शोर सुनकर वह मौके पर पहुंचे तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।



