गोरा बाजार के प्राथमिक विद्यालय में तिथि भोज का किया गया आयोजन

बीएसए और डीपीओ ने बच्चों संग ग्रहण किया भोजन

रायबरेली। नगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गोरा बाजार में नगर शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र कुमार के निर्देशानुसार विद्यालय प्रभारी द्वारा तिथि भोज का आयोजन किया गया। जिसमें जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह और जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) सुरेंद्र कुमार ने विशेष रूप से शिरकत की और बच्चों के बीच बैठकर भोजन किया। तिथि भोज का आयोजन प्रधानाध्यापक गायत्री यादव ने आयोजित किया।

प्राथमिक विद्यालय गोरा बाजार में छात्र-छात्राओं के लिए विशेष तिथि भोज कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। तिथि भोज विद्यालय की प्रधानाध्यापिका गायत्री यादव द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे बीएसए राहुल सिंह और डीपीओ सुरेंद्र कुमार ने पंगत में बैठकर बच्चों के साथ भोजन ग्रहण किया।

इस दौरान उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और भोजन की गुणवत्ता व विद्यालय की स्वच्छता व्यवस्था की सराहना की। अपने बीच जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को पाकर बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए।

बीएसए राहुल सिंह ने बताया कि तिथि भोज योजना का मुख्य उद्देश्य समाज की भागीदारी से प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराना है। इसके तहत विद्यालय परिवार या कोई भी नागरिक किसी विशेष अवसर जैसे जन्मदिन, जयंती या उत्सव पर बच्चों के लिए विशेष भोजन का आयोजन कर सकता है। इस अवसर पर रिसोर्स पर्सन बालिका शिक्षा श्याम सुंदर पांडेय, एआरपी ममता पांडेय, विशेष एजुकेटर आशा मिश्रा, जया शुक्ला, सहित तिथि भोज के दौरान विद्यालय के शिक्षकों, रसोइयों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अतिथियों ने शासन की इस तिथि भोज पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज और परिषदीय विद्यालयों के बीच जुड़ाव मजबूत होता है।

Related Articles

Back to top button