अचानक बलिया क्यों पहुंचे यूपी के ये 3 दिग्गज नेता, अखिलेश भी रहेंगे मौजूद; जानें वजह

Akhilesh Yadav Ballia Visit 2026: उत्तर प्रदेश की सियासत के कई बड़े चेहरे आज पूर्वांचल के बलिया जिले में एक साथ मंच साझा करते दिखाई देंगे। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह का आज बलिया दौरा प्रस्तावित है। ये सभी दिग्गज नेता समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्व. रामगोविंद चौधरी के पैतृक गांव गोसाईंपुर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और प्रार्थना सभा में सम्मिलित होंगे।

जानिए पूरा शेड्यूल

सपा जिला उपाध्यक्ष सुशील पाण्डेय ‘कान्हजी’ के अनुसार, नेताओं के आगमन को लेकर सुरक्षा और प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अखिलेश यादव की यात्रा का विस्तृत कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। सपा मुखिया लखनऊ से निजी विमान के जरिए सबसे पहले आजमगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वह हेलीकॉप्टर में सवार होकर बलिया के चेतन किशोर (सिकंदरपुर) स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से उनका काफिला गोसाईंपुर के लिए रवाना होगा, जहां दोपहर करीब 1:15 बजे पहुंचकर वे स्व. रामगोविंद चौधरी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि देंगे।

यूपी चुनाव से पहले अखिलेश यादव का बड़ा ‘खेला’, कांग्रेस की डिमांड के बीच दे दिया दो टूक जवाब

वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय का कार्यक्रम भी तय कर दिया गया है। दोनों वरिष्ठ नेता हेलीकॉप्टर से सीधे सिकंदरपुर के चेतन किशोर पहुंचेंगे और फिर वहां से कार द्वारा गोसाईंपुर स्थित आवास पर पहुंचेंगे। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी इस प्रार्थना सभा में विशेष रूप से शिरकत करेंगे। पूर्वांचल के इस बड़े राजनीतिक जमावड़े को लेकर बलिया के सिकंदरपुर और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक जुटने लगे हैं।

Related Articles

Back to top button