मजदूरों की हो गई बल्ले-बल्ले; यूपी सरकार ने किए 3 बड़े ऐलान, अब दूर होगी हर परेशानी

Free Shelter for Labourers in UP: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए योगी सरकार ने निर्माण श्रमिकों और प्रवासी मजदूरों के हित में बड़ा कदम उठाया है। रोजगार की तलाश में दूर-दराज के गांवों से बड़े शहरों का रुख करने वाले कामगारों को अब कड़ाके की सर्दी में फुटपाथ या खुले आसमान के नीचे रातें नहीं काटनी पड़ेंगी। राज्य सरकार प्रदेश के 18 प्रमुख शहरों में निशुल्क अस्थायी लेबर अड्डे स्थापित करने जा रही है, जहां मजदूरों के ठहरने के साथ-साथ रात के गर्म भोजन की पूरी व्यवस्था मुफ्त रहेगी। यह विशेष राहत योजना 1 दिसंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक पूरे दो महीने प्रभावी रहेगी।

इस पहल के तहत श्रमिकों को तीन बड़ी राहतें मिलेंगी

पहली सुविधा सुरक्षित रात्रि आश्रय की होगी, जिसके लिए रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, औद्योगिक इलाकों और प्रमुख श्रमिक मंडियों के निकट 30 और 60 बिस्तरों की क्षमता वाले केंद्र तैयार किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर गद्दे, चादर, तकिया और पर्याप्त कंबलों का निशुल्क प्रबंध रहेगा।

दूसरी बड़ी सुविधा के रूप में रात्रि विश्राम करने वाले प्रत्येक मजदूर को कम्युनिटी किचन, स्वयं सहायता समूहों या अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से ताजा, गर्म और पौष्टिक भोजन निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके लिए प्रति मजदूर 70 रुपये तक की लागत तय की गई है।

तीसरी और सबसे राहत भरी बात यह है कि श्रम विभाग में पंजीकरण न होने पर भी मजदूर केवल अपने किसी वैध पहचान पत्र के आधार पर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। इसमें राजमिस्त्री, बेलदार, बढ़ई, प्लंबर, पेंटर और इलेक्ट्रीशियन समेत सभी असंगठित निर्माण श्रमिक शामिल हैं।

5 रुपये में थाली, कर्ज माफी और 40 हजार सालाना; जानें अखिलेश के घोषणापत्र में और क्या क्या

शुरुआती चरण में यह मानवीय व्यवस्था प्रदेश के 18 प्रमुख औद्योगिक व व्यावसायिक जिलों में लागू की जा रही है, जिनमें राजधानी लखनऊ, कानपुर नगर, आगरा, गोरखपुर, अलीगढ़, अयोध्या, बरेली, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, झांसी, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर, शाहजहांपुर, वाराणसी और गौतमबुद्धनगर शामिल हैं। योजना के सुचारु संचालन के लिए शासन ने सभी चयनित जिलों को 10-10 लाख रुपये की अग्रिम राशि आवंटित कर दी है। बजट मानकों के अनुसार 30 बिस्तरों वाले केंद्र पर दो माह में 5.92 लाख रुपये और 60 बिस्तरों वाले केंद्र पर 8.32 लाख रुपये की संचालन लागत निर्धारित की गई है, जिससे रोजगार की तलाश में भटक रहे हजारों जरूरतमंद कामगारों को बर्फीली रातों में मजबूत सहारा मिल सकेगा।

Related Articles

Back to top button