राजमिस्त्री से जातीय गाली-गलौज कर मारपीट

निर्माण कार्य पूरा कर घर लौटते में हुई घटना, पीड़ित ने दो पर कार्रवाई की उठाई मांग

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र में निर्माण कार्य कर रहे एक राजमिस्त्री ने दो लोगों पर जातिसूचक गाली-गलौज कर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने शुक्रवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

ग्राम निलोई निवासी शेर सिंह पुत्र ग्यादीन ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करता है। 26 नवंबर की शाम करीब चार बजे वह नदी के पुल निवासी भूपेंद्र सिंह के मकान की तीसरी मंजिल पर बाउंड्री निर्माण का कार्य पूरा कर घर जाने के लिए बाहर निकला था। इसी दौरान सिसहाट रोड निवासी दो लोग वहां आ गए। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ जातिसूचक गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।

साथ ही अगले दिन निर्माण कार्य करने आने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित के अनुसार, घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों और राहगीरों ने मारपीट होते देखी। सूचना पर डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। शेर सिंह ने खुद को अनुसूचित जाति का बताते हुए आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button