25-30 की उम्र में क्यों बढ़ रही है बवासीर; टॉयलेट की ये आदत बन रही बड़ी वजह, जानें बचाव के उपाय

Piles in young age: बवासीर यानी पाइल्स को आमतौर पर बढ़ती उम्र या बुजुर्गों से जुड़ी समस्या माना जाता था, मगर अब यह 25 से 30 साल की उम्र के युवाओं में भी तेजी से देखने को मिल रही है। इस स्थिति में मलाशय और गुदा मार्ग के आसपास की रक्त वाहिकाओं में सूजन आ जाती है, जिससे मल त्याग के समय दर्द, जलन, खुजली, रक्तस्राव या आसपास सूजन व गांठ जैसी तकलीफें हो सकती हैं। कम उम्र में ही इस परेशानी का सामना करना युवाओं के लिए शारीरिक असुविधा के साथ-साथ मानसिक तनाव का कारण भी बन सकता है, इसलिए समय रहते इसके कारणों और बचाव को समझना बेहद जरूरी है।
विशेषज्ञों के अनुसार युवाओं में पाइल्स बढ़ने के पीछे दैनिक आदतें एक बड़ी भूमिका निभाती हैं। डॉक्टरों का कहना है कि सामान्य तौर पर पेट साफ होने में 3 से 5 मिनट का समय ही लगना चाहिए, मगर कई लोग 10 से 15 मिनट या उससे अधिक समय तक टॉयलेट में बैठे रहते हैं। ज्यादा देर तक बैठने या मल त्याग करते समय अत्यधिक जोर लगाने से उस हिस्से की रक्त नलियों पर दबाव पड़ता है और वे बाहर की ओर उभर सकती हैं, जिससे बवासीर की समस्या शुरू होती है। यदि पेट साफ करने में जोर लगाना पड़ रहा है, तो यह संकेत है कि खानपान और पाचन में सुधार की जरूरत है।
इन चीजों से करें परहेज
खराब जीवनशैली और खानपान से जुड़ी अन्य आदतें भी पाइल्स का जोखिम बढ़ाती हैं। फास्ट फूड, जंक फूड, मैदा और कम फाइबर वाले भोजन का अधिक सेवन करने से कब्ज की समस्या जन्म लेती है, जो बवासीर की प्रमुख वजहों में से एक है। इसके साथ ही दिनभर में कम पानी पीना, देर रात तक जागना और भोजन के समय में अनियमितता पाचन तंत्र को कमजोर करती है। लगातार बनी रहने वाली ये आदतें धीरे-धीरे युवाओं को पाइल्स का शिकार बना सकती हैं।
ठंड आते ही क्यों बढ़ जाता है जोड़ों का दर्द, सुबह की इन 5 आदतों में छिपा है जवाब
इस समस्या से बचाव और राहत पाने के लिए दिनचर्या व डाइट में बदलाव करना सबसे कारगर माना जाता है। भोजन में फाइबर युक्त फल, हरी पत्तेदार सब्जियां, सलाद, दालें और साबुत अनाज को शामिल करने से मल मुलायम रहता है और कब्ज से बचाव होता है। पर्याप्त पानी पीने के साथ रोजाना कम से कम 30 मिनट टहलना या हल्की कसरत करना पाचन के लिए लाभकारी है। टॉयलेट में लंबे समय तक न बैठें, जोर न लगाएं और मोबाइल फोन साथ ले जाने की आदत से बचें। वहीं सूजन व दर्द में आराम के लिए गुनगुने पानी में 10 से 15 मिनट बैठने (सिट्ज बाथ) की सलाह दी जाती है।



