ठंड आते ही क्यों बढ़ जाता है जोड़ों का दर्द, सुबह की इन 5 आदतों में छिपा है जवाब

winter joint pain relief: सर्दियों के मौसम में सुबह नींद खुलते ही कई लोगों को हाथ-पैरों में जकड़न, घुटनों में दर्द या शरीर को हिलाने-डुलाने में दिक्कत महसूस होती है। जिन लोगों को पहले से जोड़ों की परेशानी रहती है, उनके लिए ठंड का समय और भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, सर्द हवाओं और रात भर शरीर के कम सक्रिय रहने के कारण जोड़ों में अकड़न बढ़ जाती है। रात में लंबे समय तक एक ही मुद्रा में सोने से सुबह उठने तक शरीर की गतिविधि काफी सीमित रहती है, वहीं ठंड के दिनों में लोगों की शारीरिक सक्रियता भी घट जाती है। ऐसे में सुबह उठते ही हाथ-पैर मोड़ने, चलने या सीढ़ियां चढ़ने में परेशानी होना आम बात है।
रोजाना की ये आदतें दिलाएंगी आपको आराम
सुबह बिस्तर से उतरने से पहले कुछ हल्की गतिविधियां करने और दिन भर सक्रिय बने रहने से जोड़ों को राहत मिल सकती है। सबसे पहले आंख खुलते ही एकदम से खड़े होने के बजाय पैरों को सीधा रखकर पंजों को धीरे-धीरे अपनी ओर खींचें और फिर आगे की ओर करें। इसे कुछ बार दोहराने से पैरों व टखनों में गतिशीलता आती है और सुबह की अकड़न कम करने में मदद मिलती है।
दूसरा आसान तरीका यह है कि बिस्तर पर लेटे हुए एक पैर को धीरे-धीरे मोड़ें और फिर सीधा करें, जिसके बाद यही प्रक्रिया दूसरे पैर से करें। यह गति सहजता से करें और यदि किसी तरह का दर्द उभरे तो जबरदस्ती न करें, इससे सुबह घुटनों को सक्रिय करने में सहूलियत होती है। इसके अलावा सर्दियों में उंगलियों की जकड़न दूर करने के लिए हाथों की मुट्ठी धीरे से बंद करें व खोलें और कलाइयों को हल्का गोल घुमाएं, जिससे हाथ व उंगलियां सहज हो सकें।
बिस्तर से उठने के बाद शरीर को थोड़ा वक्त दें और गर्दन, कंधों, हाथों व पैरों की हल्की स्ट्रेचिंग करें। दिन भर एक ही स्थान पर लंबे समय तक बैठे या लेटे रहने से बचें, बल्कि बीच-बीच में थोड़ा चलें और हल्की कसरत करते रहें ताकि जोड़ सक्रिय बने रहें। यदि जोड़ों में दर्द व अकड़न अधिक हो तो गर्म पानी की थैली से हल्की सिकाई की जा सकती है, इससे मांसपेशियों को आराम मिलता है, लेकिन ध्यान रखें कि थैली अत्यधिक गर्म न हो और सीधे त्वचा पर न रखी जाए।
नमक और आयोडीन का बैलेंस: रोज़ाना कितनी मात्रा है सही और ज़्यादा नमक क्यों है खतरनाक
सर्दियों में केवल व्यायाम ही नहीं बल्कि खानपान पर ध्यान देना भी उतना ही अहम है। रोजमर्रा के आहार में खजूर और अंजीर शामिल करने से शरीर को ऊर्जा और आवश्यक पोषक तत्व मिलते हैं, जबकि दूध कैल्शियम व प्रोटीन का अच्छा माध्यम है जो हड्डियों की सेहत को सहारा देता है। संतुलित भोजन के साथ पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और यदि दर्द बना रहे, सूजन दिखे या चलने में कठिनाई हो तो चिकित्सकीय परामर्श अवश्य लें।



