पोती का जन्म: दादा-दादी ने मनाया जश्न
बेटी के आगमन पर घर में गूंज उठीं खुशियों की किलकारियां

जसवंतनगर,इटावा। नगर के पड़ाव मंडी निवासी ब्रजेश कुमार शिवहरे और उनकी पत्नी किरन शिवहरे के परिवार में पोती के जन्म पर खुशियों का माहौल छा गया। बेटे आशीष शिवहरे और बहू डोली शिवहरे के घर पुत्री का जन्म होने पर परिवार ने नन्ही लक्ष्मी का ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया।
दादा-दादी बनने की खुशी में परिजनों ने ढोल-नगाड़े बजवाकर जमकर जश्न मनाया। घर में नन्हे मेहमान के आगमन पर परिवार के सदस्यों में खासा उत्साह और उल्लास देखने को मिला। परिवार ने बेटी के जन्म को सौभाग्य और खुशियों का प्रतीक मानते हुए उसका गर्मजोशी से स्वागत किया।
आशीष शिवहरे ने बताया कि उनकी कोई बहन नहीं है। ऐसे में परिवार में बेटी की कमी हमेशा महसूस होती थी। अब बेटी के जन्म से यह कमी पूरी होने जैसी खुशी है। नन्ही लक्ष्मी के आगमन से माता-पिता,दादा-दादी सहित पूरे परिवार में उत्सव का माहौल है।



