Crowd Foundation Charitable Trust की पहल से हजारों जरूरतमंदों तक पहुंचा भोजन, अब प्रतिदिन 10 लाख भोजन वितरण का राष्ट्रीय लक्ष्य

गाज़ियाबाद। सेवा, करुणा और सनातन मूल्यों को समर्पित Crowd Foundation Charitable Trust द्वारा संचालित नारायण अन्न सेवा ने 1,00,000 (एक लाख) भोजन वितरण का ऐतिहासिक पड़ाव पार कर समाज सेवा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है। संस्था की इस उपलब्धि को जरूरतमंदों के प्रति समर्पण, स्वयंसेवकों की अथक मेहनत और समाज के सहयोग का परिणाम माना जा रहा है।
संस्था का उद्देश्य है कि देश में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए और प्रत्येक जरूरतमंद तक सम्मानपूर्वक भोजन पहुंचाया जा सके। इसी संकल्प के साथ नारायण अन्न सेवा लगातार रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, अस्पतालों के आसपास, झुग्गी-झोपड़ी बस्तियों, वृद्धाश्रमों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य जरूरतमंद क्षेत्रों में नियमित रूप से भोजन वितरण कर रही है।
इस अवसर पर Crowd Foundation Charitable Trust के ट्रस्टी अरबिंद कुमार सिंह ने कहा कि एक लाख भोजन वितरण का यह पड़ाव समाज के सहयोग, स्वयंसेवकों की निस्वार्थ सेवा और दानदाताओं के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने सभी सहयोगियों, सदस्यों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था की यात्रा अभी शुरुआत है और आने वाले समय में देशभर के लाखों जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाने का लक्ष्य लेकर कार्य किया जाएगा।
संस्था ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को सभी स्वयंसेवकों, सदस्यों और सहयोगियों को समर्पित करते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस सेवा अभियान से जुड़ने, स्वयंसेवक बनने और अन्नदान करने की अपील की है।
संस्था के अनुसार अब नारायण अन्न सेवा का अगला लक्ष्य देशभर में प्रतिदिन 10 लाख जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाना है, ताकि “नर सेवा ही नारायण सेवा है” के संकल्प को राष्ट्रीय स्तर पर साकार किया जा सके।



