उर्स शरीफ: सूफियाना कलामों से कव्वालों ने बांधा समां
फिरोजाबाद,आगरा फतेहपुर सीकरी के कव्वालों ने पेश की शानदार कव्वालियां

जसवंतनगर,इटावा। क्षेत्र के ग्राम अंडावली स्थित हजरत सूफी दरगाह पर हर वर्ष की भांति इस बार भी उर्स मुबारक का आयोजन अकीदत और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में फिरोजाबाद,आगरा और फतेहपुर सीकरी से आए मशहूर कव्वालों ने सूफियाना कलाम और शायरियों की शानदार प्रस्तुतियां देकर महफिल में समां बांध दिया। देर रात तक चली कव्वाली की महफिल में श्रोता झूमते और तालियां बजाते नजर आए।
कार्यक्रम में फतेहपुर सीकरी के कव्वाल शाकिर चिश्ती ने ‘तुझे क्या बताऊं राजदा,तेरे सामने मेरा हाल है, तुझको पाया है जमाने से किनारा करके’ सुनाकर खूब वाहवाही बटोरी। वहीं आगरा के नाजिम ने ‘दूल्हा बना है ख्वाजा अजमेर की बस्ती में’ पेश कर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। फतेहपुर सीकरी के शाहिद नूर ने ‘जमाने के हर एक नबी ने कहा, मुझे तो अली-अली चाहिए’ सुनाकर महफिल में वाहवाही लूटी।
इसी क्रम में फिरोजाबाद के शराफत ने ‘ऐसा नबी आया नहीं है’और फतेहपुर सीकरी के मेहरवान ने ‘पुकारो मेरे मौला को, बदल जाएगी किस्मत’ पेश कर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं। शकील साबरी, मोहम्मद रहीस साबरी, मोहम्मद नईम और बकीला साबरी सहित अन्य कव्वालों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
इस दौरान प्रधान पद के प्रत्याशी सतीश पाल ने सभी कव्वालों को सम्मानित किया। उर्स में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने कव्वालियों का आनंद लिया और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में इसराइल, नफीज,रशीद,शाहबुद्दीन, अलीम,हसमुद्दीन, रियासुद्दीन,पप्पू,असगर खां,नीरज कुमार,सूरज, मंशाराम,उदयवीर सिंह उर्फ गुड्डू,नंदकिशोर, भारत सिंह और अरविंद कुमार सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।



