कवियों ने हास्य-व्यंग्य और राष्ट्रभक्ति रचनाओं से बाधा समां

लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम सम्पन्न हुआ कवि सम्मेलन

जसवंतनगर,इटावा। धनगर जागृति फाउंडेशन के तत्वावधान में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जयंती के उपलक्ष्य में नगर स्थित एक मैरिज होम में विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिवपाल सिंह यादव रहे। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

आयोजित कवि सम्मेलन का शुभारंभ कवयित्री संगीता पाल द्वारा सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद देश के विभिन्न जनपदों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। लखनऊ के व्यंग्यकार रामनरेश पाल ने चुनावी माहौल और जनभावनाओं पर आधारित अपनी व्यंग्यात्मक प्रस्तुति “चुनाव सिर पर,वादे मुंह पर,इरादे पेट में जनता चपेट में” सुनाकर श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। उनकी रचना पर सभागार ठहाकों और तालियों से गूंज उठा।

कासगंज के डॉ. रामप्रकाश पाल ‘पैथिक’ ने बेटियों के महत्व पर आधारित भावपूर्ण कविता सुनाकर उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। वहीं मथुरा के रूपेश धनगर ने प्रेम और जीवन के विभिन्न पहलुओं पर आधारित गीत प्रस्तुत कर सराहना बटोरी।

लखीमपुर खीरी के पवन पाल ने राष्ट्रहित और सामाजिक चेतना से ओतप्रोत रचना “पूछ मत राष्ट्रगीत हिट गीत गाया कि नहीं, ओढ़ चोला किसी का आया कि नहीं,एक ही मंत्र कहती रही नस्ल अब, सोना बाबू ने खाना खाया कि नहीं” प्रस्तुत कर श्रोताओं में देशभक्ति का भाव जगाया।

इटावा के कवि अर्जेंट सिंह ने सामाजिक विसंगतियों और मानवीय संवेदनाओं पर आधारित प्रभावशाली कविता सुनाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इसके अलावा टूंडला के दिलीप बघेल,फिरोजाबाद की गीतकार सौदामिनी तथा कार्यक्रम संयोजक एवं इटावा के गीतकार रवि पाल ने भी अपनी रचनाओं से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि शिवपाल सिंह यादव ने सभी आमंत्रित कवियों को पटका एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनुज मोंटी तथा हेमंत पाल सिंह बघेल ने आयोजन की सराहना करते हुए धनगर जागृति फाउंडेशन एवं पाल समाज के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डॉ.बृजेश यादव,अनिल प्रताप सिंह यादव, विश्वनाथ प्रताप सिंह उर्फ सोनू,राहुल गुप्ता,अजेंद्र सिंह गौर,जितेंद्र मोना यादव,रामवीर सिंह,सुरेंद्र धनगर,खन्ना यादव,नवीन धनगर,गोपाल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रामकुमार धनगर ने किया।

Related Articles

Back to top button