गाजियाबाद में 10 लाख नए मतदाता जोड़ने की तैयारी, 17 नवंबर को आएगी प्रारूप सूची
23 लाख मतदाताओं के बीच 10 लाख पात्र नागरिकों को सूची में शामिल करने का लक्ष्य, चार दिन विशेष अभियान चलाकर घर-घर तक पहुंचेंगे बीएलओ

गाजियाबाद। जिले में मतदाता सूची को दुरुस्त करने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदान का अधिकार दिलाने के लिए निर्वाचन विभाग ने बड़ी तैयारी की है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के तहत करीब 10 लाख नए पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में 23 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं। 17 नवंबर 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। आवेदनों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा और 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी।
निर्वाचन विभाग ने नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम पर आपत्ति के लिए फॉर्म-7 तथा नाम-पता और अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 की व्यवस्था की है। वहीं, मतदाताओं की सुविधा के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों बीएलओ मतदान केंद्रों पर मौजूद रहकर आवेदन प्राप्त करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अभियान को सफल बनाने के लिए राजनीतिक दलों, आरडब्ल्यूए, एओए और सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना जरूरी है। इसके लिए नागरिक प्रारूप सूची में अपने और परिवार के सदस्यों के नाम अवश्य जांचें, ताकि कोई भी व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे।



