दो सड़क हादसों में चार घायल: एक गम्भीर

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार युवक घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां एक युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पहली घटना में रेलमंडी निवासी कृष्णकांत और लखन की बलेनो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। उन्हें सीएचसी जसवंतनगर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इनमें एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं।
वहीं, दूसरी घटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। यहां बाइक फिसलने से मंडी रोड निवासी 30 वर्षीय पंकज यादव पुत्र श्यामवीर और 25 वर्षीय गोलू पुत्र इंद्रवीर घायल हो गए। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।



