बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बाँधीं समां
रामलीला महोत्सव समिति ने पुरस्कार देकर किया सम्मानित

जसवंतनगर,इटावा। नगर के ऐतिहासिक मैदानी रामलीला मैदान में आयोजित श्रीरामलीला महोत्सव के समापन अवसर पर स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। गीत-संगीत और मनमोहक कार्यक्रमों के जरिए बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को श्रीरामलीला महोत्सव समिति की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
नगर के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रमों में भाग लिया। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गीत-संगीत और अन्य आकर्षक कार्यक्रमों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। कुछ बच्चों ने संस्कृत भाषा में भी प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। बच्चों की कला देखने के लिए रामलीला मैदान में बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर श्रीरामलीला महोत्सव समिति के प्रबंधक राजीव कुमार गुप्ता (बबलू),उप प्रबंधक ठाकुर अजेन्द्र सिंह गौर,राजीव माथुर, शुभश्री गुप्ता सहित समिति के अन्य सदस्यों ने विभिन्न कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। समिति पदाधिकारियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी कला और हुनर दिखाने का मंच प्रदान करते हैं। इससे उनमें सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति रुचि बढ़ने के साथ आत्मविश्वास भी मजबूत होता है।
अभिभावकों और दर्शकों ने भी तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतिभाओं के सम्मान के साथ मैदानी रामलीला महोत्सव का समापन यादगार बन गया।



