किसान का रास्ता घेरकर दबंगों ने पीटा
धान बेचकर लौट रहा था किसान,चेहरे पर आई गंभीर चोटें

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली कस्बा अन्तर्गत बीती रात्रि कृषि उत्पादन मंडी समिति में धान बेंचकर घर लौट रहे किसान को कथित तौर पर कैंटीन संचालक और उसके साथियों ने घेरकर पीट दिया। मारपीट में किसान के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मंडी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के गांव कुतुबपुर निवासी आशु यादव बीते दिन धान बेचने के लिए भरथना कृषि उत्पादन मंडी समिति गए थे। आरोप है कि धान बेचकर रात्रि में वापस लौटते समय कैंटीन संचालक और उसके साथियों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। हमले में पीड़ित आशु यादव के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पीड़ित आशु यादव ने कैंटीन संचालक और उसके साथियों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।



