अतिक्रमण पर चला पुलिस-प्रशासन का बुलडोजर
जाम से निजात दिलाने को सड़क किनारे से हटाया अतिक्रमण

जसवंतनगर,इटावा। सदर बाजार में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए सोमवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। बस स्टैंड चौराहे से पालिका बाजार और बड़े चौराहे से गोले वाली मस्जिद तक चले अभियान में सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जे हटवाए गए। प्रशासन की सख्ती देखकर दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। कई दुकानदारों ने खुद ही सड़क पर रखा सामान दुकानों के अंदर रख लिया।
अभियान का नेतृत्व तहसीलदार जितेंद्र कुमार पटेल,क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्याम बचन सरोज ने किया। अधिकारियों ने दुकानों के सामने सड़क पर रखे स्टूल,मेज और अन्य सामान हटवाया। नालियों को ढककर किए गए अतिक्रमण और अवैध टीनशेड को नगर पालिका की जेसीबी से हटाया गया।
दरअसल,रविवार को क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने नगर भ्रमण के दौरान दुकानों के बाहर सड़क पर सामान रखे होने पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने दुकानदारों को सामान अंदर रखने के निर्देश देते हुए सोमवार सुबह अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने की चेतावनी दी थी।
24 घंटे में कब्जा हटाने की चेतावनी
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को 24 घंटे के अंदर स्वयं कब्जा हटाने की हिदायत दी। चेतावनी दी कि निर्धारित समय में कब्जा नहीं हटाने पर सामान जब्त करने के साथ जुर्माना भी वसूला जाएगा। अभियान के दौरान कुछ दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला गया। हालांकि,कुछ दुकानदारों ने कार्रवाई में भेदभाव किए जाने के आरोप भी लगाए।
इस दौरान थाना प्रभारी कमल भाटी, कस्बा इंचार्ज हेमंत कुमार, ललित कुमार चतुर्वेदी, नगर पालिका के विश्वनाथ प्रताप सिंह यादव सहित अन्य अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बाजार में जाम से स्थायी राहत दिलाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



