आठ साल से ट्रांसजेंडर समुदाय की आवाज बन रही सतरंगी फाउंडेशन, मऊ में हुआ साझा संवाद

सुजीत कुमार मऊ।
मऊ। होटल इंद्रप्रस्थ में बुधवार को सतरंगी फाउंडेशन मऊ की ओर से साझा संवाद एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों, उनकी समस्याओं और समाज में उन्हें बराबरी का स्थान दिलाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ट्रांसजेंडर समुदाय के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि राजा आनंद ज्योति सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा बाल कल्याण समिति की सदस्य कंचन तिवारी, अनीता सिंह, महिला अस्पताल मऊ की शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कंचन लता आजाद, जिला अस्पताल के डॉ. अनिल कुमार एमडी तथा बाल संरक्षण से रेनू मिश्रा ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
संवाद के दौरान सतरंगी फाउंडेशन की ओर से जिले में ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। बताया गया कि संस्था पिछले करीब आठ वर्षों से इस समुदाय के बीच काम कर रही है और उनकी समस्याओं को सामने लाने के साथ उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों ने अपनी समस्याएं अतिथियों के सामने खुलकर रखीं। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में आने वाली दिक्कतों और समाज की उपेक्षा सहित कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। समुदाय के लोगों ने कहा कि कई बार उन्हें सामान्य नागरिकों की तरह सुविधाएं और सम्मान नहीं मिल पाता, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सतरंगी फाउंडेशन की डायरेक्टर एवं कार्यकर्ता गुंजा सिंह ने समुदाय के बीच की अंदरूनी समस्याओं के साथ-साथ समाज की ओर से मिलने वाले तिरस्कार और भेदभाव का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय को केवल सहानुभूति नहीं, बल्कि समान अवसर और सम्मान की जरूरत है। डॉ. कंचन लता आजाद ने समुदाय के सदस्यों को हरसंभव स्वास्थ्य सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए स्वास्थ्य जांच कैंप आयोजित कराने और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सरकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में काम करने का आश्वासन दिया।
वहीं राजा आनंद ज्योति सिंह ने समुदाय की ओर से उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही जिलाधिकारी से मिलकर संबंधित मुद्दों को रखने और उनके निदान की दिशा में प्रयास करने का भरोसा दिलाया। अन्य अतिथियों ने भी समुदाय के लोगों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में सतरंगी फाउंडेशन के कार्यों में सहयोग करने और अपने समुदाय के लोगों को जागरूक करने वाले ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा सम्मान पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों से समुदाय की समस्याएं समाज और प्रशासन के सामने सीधे पहुंचती हैं और समाधान की दिशा में रास्ता तैयार होता है।



