सेंधा, पिंक या काला, डॉक्टर ने बताया रोज खाने के लिए कौन सा नमक है सबसे बेस्ट

Best salt for daily use: आजकल सोशल मीडिया पर हिमालयन पिंक सॉल्ट और सेंधा नमक को लेकर इतने दावे किए जाते हैं कि आम आदमी कन्फ्यूज हो गया है कि रोजाना खाने के लिए कौन सा नमक बेस्ट है। इसी कन्फ्यूजन को दूर करते हुए इंस्टाग्राम पर डॉ. अभिनव गर्ग ने अलग-अलग नमक को रेटिंग देकर उनकी सच्चाई बताई है।
जानें कौन सा नमक है बेस्ट
अक्सर व्रत और बीपी में खाए जाने वाले सेंधा नमक को उन्होंने 10 में से सिर्फ 5 नंबर दिए हैं क्योंकि इसमें सोडियम नॉर्मल नमक जितना ही होता है और जरूरी आयोडीन बिल्कुल नहीं होता।
वहीं सबसे ज्यादा महंगे और फैंसी माने जाने वाले हिमालयन पिंक सॉल्ट को सिर्फ 3 रेटिंग मिली है क्योंकि इसमें बताए गए आयरन और 84 मिनरल्स का फायदा लेने के लिए आपको 1 किलो नमक खाना पड़ेगा जो इंसान के लिए नामुमकिन है। स्वाद बढ़ाने वाले काले नमक को 6 रेटिंग मिली है जो गैस या पाचन ठीक करने के दावों से दूर सिर्फ रायते या सलाद में कभी-कभार खाने के लिए ठीक है।
प्रीमियम लगने वाले समुद्री नमक (सी सॉल्ट) में माइक्रोप्लास्टिक का खतरा और आयोडीन की कमी होती है, इसलिए इसे भी सिर्फ 5 नंबर मिले हैं। बीपी और हार्ट के मरीजों के लिए पोटेशियम युक्त लो सोडियम लाइट सॉल्ट बेहतर है जिसे 8 रेटिंग दी गई है, लेकिन किडनी के मरीज इसे बिना डॉक्टरी सलाह के न खाएं। कम प्रोसेस्ड होने के बावजूद खड़े नमक (क्रिस्टल सॉल्ट) को 6 नंबर दिए गए हैं क्योंकि इसमें कोई खास पोषण नहीं होता।
कहीं आपकी रसोई का तेल भी तो नहीं बन रहा ‘धीमा जहर’, 90% घरों में होती हैं ये 5 जानलेवा गलतियां
इन सबके बीच डॉक्टर ने हमारे घरों में इस्तेमाल होने वाले रेगुलर सफेद नमक को डेली यूज के लिए सबसे बेहतरीन बताते हुए 10 में से 9 की शानदार रेटिंग दी है। सरकारी गाइडलाइन्स के तहत रेगुलर नमक में पर्याप्त मात्रा में आयोडीन मिलाया जाता है जो दिमाग के विकास और थायरॉइड से बचाने के लिए बहुत जरूरी है, इसलिए सोशल मीडिया के ट्रेंड्स, मिनरल्स के दावों और फैंसी विज्ञापनों के चक्कर में अपने रेगुलर सफेद नमक को रिप्लेस करने की गलती बिल्कुल न करें।



