क्षत्रिय समाज के गरीब परिवारों का होता रहेगा आर्थिक उत्थान

जसवंतनगर,इटावा।क्षत्रिय समाज के गरीबों का आर्थिक उत्थान करने की दिशा में राजपूत सर्वोत्तम सहयोग संस्थान धरातल पर कार्य कर रहा है चालू माह में इस संगठन ने आधा दर्जन गरीब परिवारों को बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान की है। क्षेत्र के ग्राम सिरहौल की एक निर्धन महिला को शनिवार को संगठन द्वारा ₹ एक लाख से अधिक की सहायता प्रदान की गई।
पत्रकारों से बात करते हुए संगठन के कानपुर मंडल कार्यकारी अध्यक्ष अभिनव सिंह राजावत ने बताया कि उनका संगठन अपने समाज की गरीबी दूर करने की दिशा में ठोस पहल कर रहा है। दुनिया के ताम-झाम और दिखावे से दूर उनका संगठन अधिक से अधिक ऐसे परिवारों को खोज रहा है जो अपनी आर्थिक तंगी की वजह से समाज की मुख्य धारा से कट गए हैं या अलग-अलग पड़े हुए हैं। ऐसे परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनका सम्मान बढ़ाकर उन्हें मजबूत करने का कार्य हम लोग कर रहे हैं।
श्री राजावत ने बताया कि ग्राम सिरहौल में उनके संगठन द्वारा क्षत्रिय समाज की गरीब महिला बहन अंजू तोमर को इसी क्रम में ₹ एक लाख से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। सिर्फ अक्टूबर माह में अब तक समाज की छह गरीब महिलाओं को इस प्रकार की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इस दौरान उनके साथ प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अरुण परिहार,ध्रुवेश तोमर,राघवेंद्र गौरव चौहान,शेर बहादुर सिंह चौहान,राजीव नरूला , शिवजीत सिंह तोमर आदि शामिल रहे।



