गाजियाबाद के पोलिंग बूथों पर पहुंचे DM रविंद्र कुमार, औचक निरीक्षण से मतदान केंद्रों पर मचा हड़कंप

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत जनपद गाजियाबाद में शुक्रवार को मतदान प्रक्रिया संपन्न हो रही है। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने इंग्राह्म इंटर कॉलेज राजनगर एवं शंभू दयाल इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर मतदान की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी मतदाता को किसी विशेष उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित न किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता, शुचिता और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई जाए।
जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निरंतर निगरानी के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी केंद्र पर शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर उसका निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतना स्वीकार्य नहीं होगा। सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से बनी रहें, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी 13 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से मतदान संपन्न कराया जा रहा है। अपराह्न 12 बजे तक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 12 प्रतिशत तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदाताओं से मताधिकार के प्रयोग की अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी मतदाताओं से अपने संबंधित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अनिवार्य रूप से मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं और मतदान प्रक्रिया पूरी करने में लगभग 5 से 10 मिनट का समय लग रहा है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता उत्साहपूर्वक मतदान करे, क्योंकि प्रत्येक मत अमूल्य है।



