बाल मित्र केंद्र में नवरात्रि समारोह आयोजित, बच्चों को सुरक्षा और आत्मरक्षा के प्रति किया जागरूक
मिशन शक्ति 6.0 के तहत समाधान अभियान ने बच्चों को बताए बाल अधिकार

साहिबाबाद। मिशन शक्ति 6.0 के शुभारंभ के अवसर पर समाधान अभियान संस्था ने इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड के सहयोग से संचालित “चुप्पी तोड़, अब तो बोल” परियोजना के अंतर्गत साहिबाबाद थाना स्थित बाल मित्र केंद्र में नवरात्रि समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में बच्चों को महिला एवं बाल सुरक्षा, बाल अधिकारों, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को भारत की पारंपरिक युद्ध कला कलरिपयट्टू के निःशुल्क प्रशिक्षण के महत्व से परिचित कराया गया। इसके माध्यम से बच्चों में अनुशासन, शारीरिक दक्षता और आत्मरक्षा के कौशल विकसित करने पर जोर दिया गया। साथ ही बच्चों को सुरक्षित रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में बिना झिझक अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर समाधान अभियान की संस्थापक अर्चना अग्निहोत्री, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी प्रिंसी, उनकी सहयोगी टीम और बाल मित्र केंद्र की पूरी टीम मौजूद रही।
समाधान अभियान संस्था का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके लिए बाल-अनुकूल वातावरण तैयार करना है। संस्था की ओर से बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।



