28वें दीक्षांत समारोह में 170 विद्यार्थियों को मिली पीजीडीएम की उपाधि

गाजियाबाद। आई.टी.एस. स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, गाजियाबाद में रविवार को पीजीडीएम बैच 2024–26 के विद्यार्थियों के लिए 28वें दीक्षांत समारोह का आयोजन चाणक्य ऑडिटोरियम में किया गया। समारोह में कुल 170 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम में संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारियों, संकाय सदस्यों और गणमान्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह का शुभारंभ मास्टर ऑफ सेरेमनी प्रो. याचना मल्होत्रा के औपचारिक परिचय, दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद आई.टी.एस. स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय कुमार ने स्वागत संबोधन एवं संस्थान की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों और विद्यार्थियों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यावसायिक जगत तेजी से बदल रहा है और सूचना आज नवाचार की मुद्रा बन चुकी है।
पीजीडीएम चेयरपर्सन डॉ. डी.के. पांडे ने विद्यार्थियों को दीक्षांत शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने सत्यनिष्ठा, नैतिक मूल्यों, व्यावसायिक जिम्मेदारी और अपने पेशे की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) राज सिंह, कुलपति, बेनेट यूनिवर्सिटी, विशिष्ट अतिथि श्री कुलदीप सिंह, चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक, एचआईएल (इंडिया) लिमिटेड तथा डॉ. रंजीत मेहता, सीईओ एवं महासचिव, पीएचडीसीसीआई रहे।
डॉ. रंजीत मेहता ने विद्यार्थियों को BASE Framework—Belief, Attitude, Self-discipline और Enthusiasm को जीवन में अपनाने की सलाह दी। वहीं श्री कुलदीप सिंह ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से Learning, Unlearning और Relearning को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कुलपति प्रो. (डॉ.) राज सिंह ने दीक्षांत संबोधन में विद्यार्थियों को करियर के साथ अपनी प्रतिष्ठा और मजबूत कार्य संस्कृति बनाने पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों से विनम्र एवं कृतज्ञ बने रहने तथा अपनी जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया।
टॉपर्स को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक
दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए गए। सर्वज्ञ गोयल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक, प्राची शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक तथा आकाश चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक हासिल किया।
विशेषज्ञता के क्षेत्र में मार्केटिंग में सिमरन प्रजापति, एचआर में आकाश चौहान, फाइनेंस में सर्वज्ञ गोयल, इंटरनेशनल बिजनेस में शुभांगी शर्मा, बिजनेस एनालिटिक्स में प्रांशु अग्रवाल तथा ऑपरेशंस मैनेजमेंट में सर्वज्ञ गोयल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समारोह का समापन स्मृति चिह्न वितरण, राष्ट्रगान, दीक्षांत जुलूस और सामूहिक फोटोग्राफी के साथ हुआ। समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव बनने के साथ उनके व्यावसायिक जीवन की नई शुरुआत का यादगार अवसर रहा।



