विजय रामलीला में हुआ लंका दहन का भव्य मंचन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा परिसर

हनुमान जी और माता सीता की भेंट का प्रसंग देख भावविभोर हुए श्रद्धालु

गाजियाबाद। पुराना विजयनगर में श्री विजय रामलीला कमेटी (रजि.) की ओर से आयोजित रामलीला में हनुमान जी का लंका प्रवेश, अशोक वाटिका में माता सीता से भेंट और लंका दहन का भव्य मंचन किया गया। रामलीला देखने के लिए क्षेत्र के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अधिवक्ता लेखराज माहौर ने बताया कि मंचन में दिखाया गया कि हनुमान जी माता सीता की खोज करते हुए लंका स्थित अशोक वाटिका पहुंचते हैं। वहां वह माता सीता को प्रभु श्रीराम की अंगूठी देकर उनके रामदूत होने का प्रमाण देते हैं और प्रभु श्रीराम का संदेश सुनाते हैं। इससे माता सीता को विश्वास होता है कि श्रीराम उन्हें रावण की कैद से मुक्त कराने अवश्य आएंगे।

उन्होंने बताया कि अशोक वाटिका में हनुमान जी द्वारा फल खाने और वाटिका उजाड़ने के बाद रावण के सैनिक उन्हें पकड़ने पहुंचते हैं। रावण अपने पुत्र अक्षय कुमार को हनुमान जी को पकड़ने भेजता है, लेकिन हनुमान जी उसका वध कर देते हैं। इसके बाद मेघनाद ब्रह्मास्त्र का प्रयोग कर हनुमान जी को बंदी बनाकर रावण के दरबार में ले जाता है।

रामलीला के आगामी प्रसंग में रावण के आदेश पर हनुमान जी की पूंछ में आग लगाई जाती है। इसके बाद हनुमान जी पूरी लंका में आग लगाकर उसे जलाने का दृश्य प्रस्तुत करते हैं। लंका दहन के मंचन के दौरान पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

Related Articles

Back to top button