विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, 18 अक्टूबर तक मतदान केंद्रों का होगा सत्यापन

12 नवंबर को प्रकाशित होगा मतदाता सूची का प्रारूप, 4 जनवरी 2027 को अंतिम सूची जारी होगी

गाजियाबाद। आगामी सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों और एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के मतदान केंद्रों के सत्यापन, प्रस्तावित मतदान स्थलों और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की गई।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी मतदान केंद्रों का सत्यापन 16 से 18 अक्टूबर 2026 तक कराया जाएगा। सत्यापन के बाद 1,200 मतदाताओं के मानक के आधार पर मतदान केंद्रों से संबंधित संशोधित प्रस्ताव तैयार कर राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराया जाएगा। राजनीतिक दलों से प्राप्त सुझावों की जांच के बाद प्रस्ताव को 26 अक्टूबर तक अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को संबंधित अभिलेखों सहित प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भारत निर्वाचन आयोग के अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि मतदान केंद्रों में बदलाव या किसी प्रकार के सुझाव होने पर तत्काल संबंधित उप जिलाधिकारी अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

12 नवंबर को होगा मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन

बैठक में बताया गया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत फोटोयुक्त एकीकृत निर्वाचक नामावली का प्रारूप 12 नवंबर 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।

जिले में 23.94 लाख से अधिक मतदाता

बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों लोनी, मुरादनगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और धौलाना (आंशिक) में कुल 23,94,117 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 13,34,854 पुरुष, 10,59,129 महिला और 130 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं के तहत 3,358 बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और 336 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं।

बैठक में एडीएम एलए अवनीश सिंह, समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि ताहिर हुसैन, बहुजन समाज पार्टी के मनोज कुमार, कांग्रेस के डॉ. बाबूराम आर्य, सीपीएम के त्रिफूल सिंह सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button