मोदीनगर की सड़क समस्या पर सीएम योगी ने लिया संज्ञान, जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन

मोदीनगर। मोदीनगर की जर्जर सड़कों और खुले नालों की समस्या को लेकर डॉ. के.एन. मोदी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी तनुज सैंगर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर समाधान की मांग की। लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हुई शिष्टाचार भेंट के दौरान उन्होंने हापुड़ रोड रेलवे क्रॉसिंग से हनुमानपुरी तक जाने वाले मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
तनुज सैंगर ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर मार्ग के चौड़ीकरण, सड़क सुधार और खुले नालों को ढकने की मांग की। उन्होंने बताया कि इस मार्ग से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और क्षेत्र के सैकड़ों नागरिकों का प्रतिदिन आवागमन होता है। जर्जर सड़क और खुले नालों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन से जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मुलाकात के दौरान विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया, आगामी शैक्षणिक गतिविधियों और क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार पर भी चर्चा हुई।
तनुज सैंगर ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री के संज्ञान लेने से मोदीनगर की इस प्रमुख सड़क समस्या के समाधान की दिशा में कार्रवाई आगे बढ़ेगी।



