दिल्ली पत्रकारों से कथित दुर्व्यवहार के विरोध में सौंपा ज्ञापन

राष्ट्रपति को संबोधित एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में पत्रकारों की सुरक्षा-प्रेस की स्वतंत्रता सुनिश्चित कराने की रखी मांग

जसवंतनगर,इटावा। दिल्ली में पत्रकारों के साथ कथित पुलिस दुर्व्यवहार,धक्का-मुक्की और हिरासत में लिए जाने की घटनाओं के विरोध में मंगलवार को जसवंतनगर के स्थानीय पत्रकारों ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी अभिषेक प्रताप सिंह को सौंपा। पत्रकारों ने घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने,दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा देशभर में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने वालों में प्रेस क्लब जसवंतनगर के अध्यक्ष प्रेम कुमार शाक्य, कोषाध्यक्ष प्रदीप चौहान, सलाहकार यशवंत चतुर्वेदी,उपाध्यक्ष सुबोध पाठक,संगठन मंत्री बृजेश यादव के अलावा पत्रकार आसिफ खान, रामवीर यादव,आलोक उपाध्याय शामिल रहे। ज्ञापन में स्वतंत्र पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा,पत्रकार आशीष सिंह,रितिक जोशी और राहुल चारस सहित अन्य पत्रकारों के साथ हुई कथित घटनाओं का उल्लेख किया गया। पत्रकारों ने कहा कि समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार और अनावश्यक पुलिस हिरासत जैसी घटनाएं स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।

उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। वे जनसमस्याओं को उजागर करने,जनता की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और समाज को सही जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में पत्रकारों को अपने पेशेवर दायित्वों का निर्वहन करते समय भय और असुरक्षा का सामना नहीं करना चाहिए।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि दिल्ली में हुई घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही पत्रकारों को समाचार संकलन के दौरान अनावश्यक रूप से रोकने,उनके साथ दुर्व्यवहार करने और उनके कार्य में अनुचित हस्तक्षेप जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

पत्रकारों ने महामहिम राष्ट्रपति से पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वतंत्र पत्रकारिता का महत्वपूर्ण स्थान है और इसकी गरिमा बनाए रखने के लिए पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा आवश्यक है।

Related Articles

Back to top button