सपा कार्यालय में मनायी गयी मान्यवर कांशीराम जी की पुण्यतिथि, नेताओं ने किया नमन

समाज में बदलाव लाने के लिए केवल शिकायत नहीं, बल्कि संगठित प्रयास भी जरूरी हैं : बीएन मौर्या

ऊँचाहार, रायबरेली। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय ऊंचाहार में बहुजन समाज के महानायक एवं सामाजिक परिवर्तन के अग्रदूत मान्यवर कांशीराम जी की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गयी। इस अवसर पर उपस्थित सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों एवं सामाजिक न्याय के संघर्ष को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि बीएन मौर्य ने मान्यवर कांशीराम जी के सामाजिक योगदान और वंचित वर्गों को अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उनके प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित लोगों से उनके विचारों को आत्मसात करने और सामाजिक समानता के संकल्प को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
वहीं, समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष जगदेव यादव एवं ब्लॉक अध्यक्ष विंदेश्वरी पासी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। वक्ताओं ने मान्यवर कांशीराम जी के संघर्ष, विचारधारा और समाज के पिछड़े, दलित एवं वंचित वर्गों को राजनीतिक व सामाजिक रूप से जागरूक करने में उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। सैकड़ों की संख्या में उपस्थित लोगों ने मान्यवर कांशीराम जी के विचारों को आगे बढ़ाने और सामाजिक न्याय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Related Articles

Back to top button