यात्री बस पर फायरिंग का खुलासा, मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार
मसूरी क्षेत्र में हाईटेक कॉलेज के सामने स्कूटी सवार बदमाशों ने की थी ताबड़तोड़ फायरिंग, दो लोग हुए थे घायल

गाजियाबाद। थाना मसूरी क्षेत्र में 28 सितंबर की रात हाईटेक कॉलेज के सामने दिल्ली-बदायूं यात्री बस पर हुई फायरिंग की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना मसूरी पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण जोन की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर की रात करीब पौने 12 बजे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (एनएच-9) पर हाईटेक कॉलेज के सामने स्कूटी सवार दो युवकों ने चलती यात्री बस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी थीं। फायरिंग में बस के कंडक्टर तालिब हुसैन (25) पुत्र अब्दुल हुसैन और बस मालिक के दोस्त कमरूद्दीन अंसारी (42) पुत्र साद अली अंसारी, दोनों निवासी बदायूं, गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को उपचार के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर को पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बस पर फायरिंग की घटना में शामिल आरोपी स्कूटी से हापुड़ की तरफ से वापस आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भूड़गढ़ी बंबा के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया और फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल स्कूटी और अन्य सामान बरामद किए जाने की जानकारी दी है। आरोपियों से पूछताछ कर फायरिंग की वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।



