खेतों में घुसा माइनर का पानी फसलें डूबी: किसान परेशान

बारिश के बाद जुगौरा बम्बा के पानी से फसलें हुई जलमग्न

जसवंतनगर,इटावा। लगातार बारिश के बाद क्षेत्र के गांव रतेह का अड्डा और ज्वालापुर में किसानों की चिंता बढ़ गई है। जुगौरा से आने वाले बंबा का पानी खेतों में घुसने से कई खेत जलमग्न हो गए हैं। धान समेत अन्य फसलें पानी में डूब गई हैं। किसानों को फसल खराब होने से भारी नुकसान की आशंका है।

किसानों अनूप,चंद्रपाल, बीट्र,टिंकू,भोले और अभय ने बताया कि खेतों में लंबे समय तक पानी भरा रहा तो धान समेत अन्य फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। कई जगह फसलें पानी में झुक गई हैं। जल्द पानी की निकासी नहीं हुई तो फसलें सड़-गल सकती हैं, जिससे उत्पादन प्रभावित होगा।

बारिश के बाद पहले से था जलभराव

क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण पहले से ही कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई थी। अब बंबा का पानी खेतों में पहुंचने से किसानों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

किसानों ने की पानी रोकने की मांग

किसानों ने संबंधित विभाग से बंबा में पानी का बहाव रोकने और खेतों में भरे पानी की जल्द निकासी कराने की मांग की है,ताकि फसलों को और अधिक नुकसान से बचाया जा सके।

एसडीएम ने दिए निर्देश

इस संबंध में एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह ने बताया कि बंबा से जा रहे पानी को बंद कराने के लिए संबंधित विभाग को आदेश दिए गए हैं और क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेज कर खराब हुईं फसलों का सर्वे कराया जाएगा।

Related Articles

Back to top button