भाजपा महानगर कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय को दी श्रद्धांजलि, अंत्योदय के संकल्प को किया याद

गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी गाजियाबाद महानगर द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर नेहरू नगर स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के राष्ट्र निर्माण संबंधी विचारों, अंत्योदय की अवधारणा और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के संकल्प को याद किया।
महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने राष्ट्र निर्माण को समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण से जोड़ते हुए अंत्योदय की विचारधारा को आगे बढ़ाया। उनके विचार आज भी समाज सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों को आत्मसात करने और सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। मयंक गोयल ने कहा कि उनकी जयंती पर उनके विचारों और आदर्शों को जीवन में अपनाते हुए सामाजिक एवं राष्ट्रीय जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प दोहराना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।



