नगला तौर में होगा रामलीला महोत्सव
शंकर बरात 4 अक्तूबर को,10 अक्तूबर को हवन-पूजन के बाद शुरू होगी रामलीला

जसवंतनगर,इटावा। ग्राम नगला तौर में प्रदेश की सुप्रसिद्ध मंचीय रामलीला का आयोजन 10 से 20 अक्तूबर तक किया जाएगा। रामलीला की शुरुआत 10 अक्तूबर को हवन-पूजन के बाद होगी। आयोजन समिति की ओर से जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार प्रतिदिन रात 7:30 बजे से रामलीला का मंचन किया जाएगा।
रामलीला महोत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। 4 अक्तूबर को नवमी के अवसर पर दोपहर एक बजे शंकर बारात निकाली जाएगी। वहीं 10 अक्तूबर को शाम छह बजे मंच पूजन और हवन पूजन होगा। इस बार रामलीला का मंचन नवीन साहित्य और श्रीरामचरितमानस व्यास के साथ किया जाएगा।
आयोजन के पहले दिन 10 अक्तूबर को नारद मोह व प्रतापभानु कथा का मंचन होगा। 11 अक्तूबर को श्रवण कुमार कथा,राम जन्म,मुनि याचना,ताड़का वध और अहिल्या उद्धार,12 को फूलवारी लीला,संध्या वंदन और रावण वाणासुर संवाद होगा। 13 अक्तूबर को जनक विलाप,सीता स्वयंवर और लक्ष्मण- परशुराम संवाद प्रस्तुत किया जाएगा।
14 अक्तूबर को कैकेयी- मंथरा संवाद,राम वनवास,केवट संवाद और दशरथ मरण,जबकि 15 अक्तूबर को भरत मिलाप, जयंत वध,विराध वध, स्वरूपनखा चरित्र और सीता हरण का मंचन होगा। 16 को राम विलाप,सबरी उद्धार, सुग्रीव मित्रता और बाली वध होगा।
17 अक्तूबर को अशोक वाटिका उजाड़,अक्षय कुमार वध,रावण हनुमान संवाद और लंका दहन, 18 को रावण-विभीषण संवाद,अंगद संवाद, प्रशस्त संवाद और लक्ष्मण शक्ति का मंचन होगा। 19 अक्तूबर को कुंभकर्ण वध,अतिकाय वध, मेघनाथ वध, सुलोचना सती और अहिरावण वध तथा 20 अक्तूबर को नारांतक वध, रावण वध,भरत मिलाप और राजगद्दी का मंचन होगा।
आयोजन समिति ने बताया कि रामलीला में प्रदेश स्तरीय बाहरी कलाकार विशेष आकर्षण रहेंगे। श्रद्धालुओं के लिए सुंदर एवं भव्य पंडाल,ग्रीन मैट और बैठने की व्यवस्था की गई है। व्यवस्थापक के रूप में समस्त ग्रामवासी नगला तौर और सहयोगी के रूप में ग्राम पंचायत नगला तौर एवं क्षेत्रवासियों को जिम्मेदारी दी गई है।



