“सेवा ही सबसे बड़ा धर्म” : वृद्धाश्रम में सर्वेश कुमार सिंह ने बांटी दवाइयां, रुकवाई पेंशन कराई चालू

सुलतानपुर।आनंद भवन वृद्धा आश्रम में गुरुवार को मानवता, सेवा और संवेदना की अनूठी मिसाल देखने को मिली। गौ रक्षा वाहिनी के प्रदेश प्रभारी, वरिष्ठ पत्रकार एवं जिला विधिक प्राधिकरण के पैरा लीगल वालेंटियर सर्वेश कुमार सिंह ने आश्रम पहुंचकर 114 पंजीकृत वृद्ध महिलाओं और पुरुषों को भीषण गर्मी और मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु ओआरएस पैकेट, बुखार की दवा, गैस की दवा तथा बेटाडीन ट्यूब वितरित की।

कार्यक्रम के दौरान कई बुजुर्गों ने अपनी रुकी हुई वृद्धावस्था पेंशन की समस्या बताई। इस पर सर्वेश कुमार सिंह ने तत्काल संबंधित उच्चाधिकारियों से वार्ता कर सिद्ध कुमार सिंह, हरिकांत दुबे, गोविंद हरी, सुशील कुमार सिंह, चंद्रिका सोनी, लीलावती, लाल बहादुर, मथुरा प्रसाद, सिंगारी देवी एवं राम स्नेही सहित कई बुजुर्गों की रुकी पेंशन दोबारा शुरू कराई। पेंशन बहाल होने की सूचना मिलते ही बुजुर्गों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

इस अवसर पर बुजुर्गों ने भावुक होकर कहा कि जहां एक ओर उनके अपने परिवार ने उन्हें अकेला छोड़ दिया, वहीं दूसरी ओर सर्वेश कुमार सिंह पुत्र की तरह उनका सहारा बनकर हर सुख-दुख में साथ खड़े हैं। बुजुर्गों ने कहा कि दवा वितरण के साथ-साथ उनकी समस्याओं को सुनकर उनका समाधान कराना भी समाज सेवा का बड़ा उदाहरण है।

इस दौरान सर्वेश कुमार सिंह ने कहा, “वृद्धजन हमारे समाज की धरोहर हैं। जिन हाथों ने पूरी जिंदगी परिवार और समाज को संभाला, आज उनका सम्मान और सेवा करना हम सभी का कर्तव्य है। यदि किसी बुजुर्ग की पेंशन रुकती है या उन्हें किसी प्रकार की परेशानी होती है, तो उसका समाधान कराना भी हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। सेवा और सहयोग से बढ़कर कोई पुण्य नहीं होता।”

बुजुर्गों ने जिला विधिक प्राधिकरण एवं गौ रक्षा वाहिनी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की।

इस अवसर पर गौ रक्षा वाहिनी के जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कसौधन, समाजसेवी राहुल गुप्ता, तारिक भाई, वृद्धा आश्रम के मैनेजर श्रवण यादव, बड़े बाबू कसौधन, उपनिरीक्षक जगदीश यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे और सभी ने इस पुण्य कार्य में सहभागिता निभाई।

Related Articles

Back to top button